20 सरकारी विद्यालयों में शिक्षा का महादान: 'हर हाथ कलम अभियान' से हजारों विद्यार्थियों को मिली नई उड़ान
Total Views : 102
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल

भामाशाहों ने बांटी उत्तरपुस्तिकाएं, बैग, स्टेशनरी और दरियां; जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई को मिला संबल, प्रेरक शिक्षक नरेश लोहार की पहल फिर बनी मिसाल

झाड़ोल।

उपखंड झाड़ोल में शिक्षा को नई दिशा देने वाले 'हर हाथ कलम अभियान' के तहत भामाशाहों ने एक बार फिर सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल पेश की। अभियान के अंतर्गत 20 राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को उत्तरपुस्तिकाएं, पेंसिल, रबड़, शार्पनर, स्कूल बैग, दरियां सहित विभिन्न शैक्षिक सामग्री भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव को मजबूत किया गया।

यह प्रेरणादायक अभियान भामाशाह प्रेरक शिक्षक नरेश लोहार की प्रेरणा से संचालित हुआ, जिसमें जैन सोशल ग्रुप उदयपुर सहित समाजसेवियों और भामाशाहों ने खुलकर सहयोग दिया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बदराणा, स्वामी विवेकानंद राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोगला, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सैलाना, हरनियाखेड़ा, अमरपुरा, लूरोकी गवाड़ी, बडलाफला, खाखरा खेड़ा, नाल का मुंडा, महादेवजी का काड़, ओवरा, गणेशपुरा, आवरडा, राजपुरा, गोडवाफला, छातरड़ी सहित विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षिक सामग्री वितरित की गई।

इसके अलावा राजकीय प्राथमिक विद्यालय गोपिर में भामाशाह बसंत मेहता के सहयोग से विद्यार्थियों को दरियां उपलब्ध कराई गईं, जबकि राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय चांगला में मनोज कोठारी एवं पायल कोठारी के सहयोग से विद्यार्थियों को स्कूल बैग भेंट किए गए। इस सहयोग से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को पढ़ाई में बड़ी राहत मिलेगी।

विशेष बात यह है कि अध्यापक नरेश लोहार पिछले कई वर्षों से क्षेत्र के सैकड़ों विद्यालयों में भामाशाहों के सहयोग से शैक्षिक एवं सहशैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराकर जरूरतमंद विद्यार्थियों की निरंतर सहायता कर रहे हैं। उनके इस उल्लेखनीय योगदान के लिए राजस्थान सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा लगातार चार बार 'भामाशाह प्रेरक शिक्षक' सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।

शैक्षिक सामग्री वितरण कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अध्यापक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इनमें नाज़िया शेख, प्रभुलाल मेघवाल, रमेश कोड़िया, बंशीलाल व्यास, राजकुमार नागदा, शेर सिंह राणावत, पुष्पा वैष्णव, मोहन लोलावत, शारदा खराड़ी, माधव डुंगरी, ज्योति नंगावत, अरविंद सिंह झाला, किरण मेघवाल, नरेश कोड़िया, साहिल जैन, हिना दर्जी, रमेश कुलम्बी, रिंकू माली, सुरेश मेघवाल, प्रवीण कुंवर झाला, प्रकाश भट्ट सहित समस्त विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं कुक कम हेल्पर मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में स्थानीय पीईईओ नाज़िया शेख ने जैन सोशल ग्रुप उदयपुर के हेमंत गोखरू, बसंत मेहता, मनोज कोठारी, पायल कोठारी तथा अभियान के प्रेरक नरेश लोहार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 'हर हाथ कलम अभियान' शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बन चुका है और इससे जरूरतमंद विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान मिल रही है। उन्होंने अभियान की निरंतर सफलता एवं विस्तार के लिए शुभकामनाएं भी दीं।