3 दिन से अंधेरे में 3 गांव, बिजली गुल होने से पेयजल संकट गहराया पालियाखेड़ा, बारी और इड़माल के ग्रामीण परेशान, मवेशियों के लिए भी पानी का संकट
Total Views : 24
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - पवन लौहार, फलासिया

झाड़ोल। झाड़ोल क्षेत्र के पालियाखेड़ा, बारी और इड़माल गांव पिछले तीन दिनों से बिजली संकट का सामना कर रहे हैं। लगातार बिजली आपूर्ति ठप रहने से गांवों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। सबसे बड़ी समस्या पेयजल की खड़ी हो गई है, क्योंकि बिजली नहीं होने से ट्यूबवेल बंद पड़े हैं और ग्रामीणों के साथ-साथ मवेशियों के लिए भी पानी की व्यवस्था करना मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि हाल ही में आए तेज तूफान और भारी फाल्ट के कारण विद्युत लाइनों को नुकसान पहुंचा है, जिसके चलते बिजली बहाली में देरी हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि दिन में सहायक अभियंता श्याम सुंदर मीणा से बातचीत हुई थी। उन्होंने जल्द बिजली आपूर्ति चालू करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद कुछ समय के लिए करीब 10 से 15 मिनट बिजली आई, लेकिन फिर आपूर्ति बंद हो गई और उसके बाद से बिजली नहीं आई।

बिजली संकट के कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। मवेशियों के लिए पानी की व्यवस्था करना भी बड़ी चुनौती बन गया है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द फाल्ट दूर कर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो पेयजल संकट और गहरा सकता है तथा लोगों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।