रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू), झाड़ोल
20 वर्षों की समाजसेवा को मिला राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान, जनजाति, निर्धन एवं असहाय वर्ग के उत्थान में निभाई अहम भूमिका
उदयपुर। सामाजिक सरोकारों और जनकल्याणकारी कार्यों के लिए समर्पित गुंजन सेवा संस्थान को वर्ष 2026 का ‘सर्वश्रेष्ठ एनजीओ सम्मान पुरस्कार’ प्रदान किया गया है। यह सम्मान इम्पेक्ट इंडिया समिति द्वारा दिया गया।
संस्थान को यह सम्मान पिछले लगभग 20 वर्षों से निरंतर समाजसेवा, जनहित एवं मानवता के कार्यों में सक्रिय योगदान के लिए प्रदान किया गया। संस्थान द्वारा अनुसूचित जनजाति समाज के सामूहिक विवाह आयोजन, निर्धन परिवारों की सहायता, विधवा महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं असहाय लोगों की तत्काल मदद सहित अनेक सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं।
संस्थान के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार मेघवाल ने बताया कि यह सम्मान संस्था से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं और समाजजनों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संस्था सामाजिक सेवा के क्षेत्र में और अधिक प्रभावी कार्य करते हुए पूरे देश में अपनी पहचान स्थापित करेगी तथा उदयपुर जिले और क्षेत्र का नाम रोशन करेगी।
इस उपलब्धि पर संस्था से जुड़े कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए अध्यक्ष राजेंद्र कुमार मेघवाल एवं पूरी टीम को बधाई दी।
