मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण: झाड़ोल में मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने की विशेष पूजा, माल्यार्पण और श्रमदान
Total Views : 431
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - प्रवीण वेद (बबलू), झाड़ोल

पंचेश्वर महादेव मंदिर में वैदिक अनुष्ठान, स्वामी विवेकानंद पार्क में चला स्वच्छता अभियान; अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद

झाड़ोल | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्रनिर्माण को समर्पित केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार, को झाड़ोल में धार्मिक, सामाजिक एवं जनजागरण कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। राजस्थान सरकार के जनजाति क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने पंचायत समिति परिसर स्थित पंचेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में देवस्थान विभाग द्वारा आयोजित विशेष पूजन, वैदिक अनुष्ठान एवं मंगलकामना प्रार्थना कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पंचेश्वर महादेव की संपूर्ण विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्रसेवा के उनके संकल्प की निरंतर सिद्धि हेतु विशेष प्रार्थना की गई।

कार्यक्रम में करीब 150 महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी कपिल कुमार कोठारी, विकास अधिकारी जितेन्द्र सिंह राजावत, तहसीलदार सीताराम बोरीवाल, ग्राम विकास अधिकारी ज्ञानेश्वर मेघवाल सहित पंचायत समिति का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इनमें जिला प्रवक्ता नीलमराज पुरोहित, मंडल अध्यक्ष शंकर लाल गायरी, जिला मंत्री संजय मेहता, वरिष्ठ नेता मनीष पुरोहित, एस सी मोर्चा अध्यक्ष राजू निमावत, मण्डल उपाध्यक्ष लाल सिंह राणावत, निर्मल दर्जी, एस टी मोर्चा अध्यक्ष बंशीलाल वड़ेरा, युवा मोर्चा अध्यक्ष धीरज पूर्बिया, भावुक जैन, किसान मोर्चा अध्यक्ष देवीलाल गायरी तथा मोहनलाल पटेल सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और गरीब कल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। साथ ही देश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना और सनातन मूल्यों को नई ऊर्जा के साथ विश्व पटल पर प्रतिष्ठित कर रहा है। उन्होंने भाजपा की डबल इंजन सरकार द्वारा सनातन संस्कृति के संरक्षण, धार्मिक आस्थाओं के सम्मान, धार्मिक स्थलों के विकास तथा जनकल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यों की विस्तृत जानकारी भी साझा की।

पूजा-अर्चना के बाद झाड़ोल मुख्यालय स्थित स्वामी विवेकानंद पार्क में मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके पश्चात अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ श्रमदान कर पार्क परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया तथा स्वच्छता का संदेश दिया।

मंत्री खराड़ी ने कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छ, विकसित और समृद्ध राजस्थान का निर्माण संभव है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी श्रमदान कर स्वच्छता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

धार्मिक आस्था, जनसहभागिता और श्रमदान के संगम बने इस कार्यक्रम में प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आमजन की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। पूरे कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रहित, जनसेवा, सांस्कृतिक गौरव, स्वच्छता एवं सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।