एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क
सुआली रोड-झाबुआ फला मार्ग पर टूटी पुलिया से ग्रामीण परेशान, समाधान की मांग तेज
फलासिया। एनपी न्यूज 24 के जनहित अभियान "समस्या बताओ, समाधान पाओ" के तहत एक और गंभीर जनसमस्या सामने आई है। पंचायत समिति फलासिया की ग्राम पंचायत गरणवास के राजस्व गांव सुआली रोड से झाबुआ फला को जोड़ने वाली पुलिया लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी हुई है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार पुलिया का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है तथा नीचे लगी सीमेंट पाइपें भी अपनी जगह से हट चुकी हैं। ऐसे में दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है। यह मार्ग क्षेत्र के कई परिवारों, किसानों और विद्यार्थियों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग होने के बावजूद अब तक इसकी सुध नहीं ली गई है।
सामाजिक कार्यकर्ता दिलीप कुमार, विवेक कुमार, जीवतराम, बनशीलाल, अशोक कुमार एवं नारायणलाल ने एनपी न्यूज 24 को समस्या से अवगत कराते हुए बताया कि पुलिया की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते पुलिया का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, सार्वजनिक निर्माण विभाग तथा जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर पुलिया के पुनर्निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
एनपी न्यूज 24 अपने अभियान "समस्या बताओ, समाधान पाओ" के माध्यम से आमजन की आवाज प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य लगातार कर रहा है। अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इस जनसमस्या के समाधान के लिए कब तक ठोस कदम उठाता है।
NP NEWS 24 – आपकी आवाज, प्रशासन तक।
