जन्मदिन पर हरियाली का संदेश, पौधारोपण से गूंजा स्वामी विवेकानंद पार्क
Total Views : 191
Zoom In Zoom Out Read Later Print

रिपोर्ट - बबलू वेद, झाड़ोल

झाड़ोल। जन्मदिन को यादगार बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने की अनूठी पहल झाड़ोल मुख्यालय स्थित स्वामी विवेकानंद पार्क में देखने को मिली। ग्राम पंचायत झाड़ोल के वार्डपंच मुकेश तेली का जन्मदिवस केक काटकर औपचारिकता निभाने के बजाय पौधारोपण कर प्रकृति के नाम समर्पित किया गया।

इस अवसर पर युवाओं एवं स्थानीय लोगों ने पार्क में पौधारोपण किया तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। जन्मदिन के मौके पर पर्यावरण के प्रति दिखाई गई यह जागरूकता क्षेत्र में सकारात्मक संदेश देने वाली रही। युवाओं ने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को यदि पौधारोपण से जोड़ा जाए तो यह व्यक्तिगत खुशी के साथ समाज और प्रकृति के लिए भी स्थायी उपहार बन सकता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं एवं साथियों ने वार्डपंच मुकेश तेली को उपरना पहनाकर जन्मदिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस दौरान माहौल उत्साह और आत्मीयता से भर गया। पौधारोपण के साथ सभी ने हरियाली को बढ़ावा देने, पर्यावरण की रक्षा करने तथा लगाए गए पौधों को पेड़ बनने तक उनकी जिम्मेदारी से देखभाल करने का संकल्प लिया।

जन्मदिन पर पौधा लगाने की इस पहल ने यह संदेश दिया कि खुशियां केवल उत्सव मनाने तक सीमित नहीं, बल्कि समाज और पर्यावरण के लिए कुछ बेहतर करने से भी दोगुनी हो सकती हैं। स्वामी विवेकानंद पार्क में आयोजित यह आयोजन युवाओं के बीच पर्यावरण संरक्षण की चेतना जगाने के साथ आने वाली पीढ़ी के लिए हरित और स्वस्थ वातावरण बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम बनकर सामने आया।