बाबा साहेब अंबेडकर जयंती पर प्रदेशभर में श्रद्धा के साथ हुए कार्यक्रम
Total Views : 130
Zoom In Zoom Out Read Later Print

एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र मालवीय, डेस्क

उदयपुर संभाग सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिमा व तस्वीरों पर पुष्पांजलि, सामाजिक समरसता का दिया संदेश

उदयपुर। भारत रत्न एवं भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर राजस्थान के विभिन्न जिलों में श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय माहौल में कार्यक्रम आयोजित किए गए। उदयपुर संभाग सहित कई स्थानों पर सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब की प्रतिमा व तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके विचारों को अपनाने का संकल्प लिया।

उदयपुर शहर में सर्व ओबीसी समाज महापंचायत ट्रस्ट के तत्वावधान में कोर्ट चौराहे पर स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान “जय भीम” के नारों से वातावरण गूंज उठा और सामाजिक एकता तथा भाईचारे का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने बाबा साहेब के संघर्षपूर्ण जीवन और सामाजिक न्याय के लिए उनके योगदान को याद करते हुए युवाओं से शिक्षा, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

झाड़ोल में मेघवाल सेवा संस्थान द्वारा पूजा नगर स्थित सामुदायिक भवन में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी कपिल कुमार कोठारी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में तहसीलदार सीताराम बोलीवाल, निवर्तमान प्रधान राधा देवी परमार तथा प्रशासक आशा देवी वडेरा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेघवाल सेवा संस्थान के अध्यक्ष भंवरलाल मेघवाल ने की। इस दौरान वक्ताओं ने बाबा साहेब के विचारों, उनके संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कोटड़ा में भाजपा मंडल द्वारा पिपलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में अंबेडकर जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष एडवोकेट हिम्मत तावड़ ने बाबा साहेब के जीवन और उनके योगदान पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज को शिक्षा, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूक करने का महान कार्य किया। इस अवसर पर पूर्व प्रधान मुरारी लाल बुंबरिया, महामंत्री रवि पुरबिया, सुरेश कुमार खैर, प्रताप गरासिया, लक्ष्मणलाल गरासिया, धनियाराम डाबी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इसी प्रकार फलासिया और ओगणा क्षेत्र में भी भाजपा मंडल द्वारा विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि दी गई। ओगणा में ग्राम पंचायत बिरोठी स्थित विरेश्वर महादेव मंदिर परिसर में मंडल अध्यक्ष तख्त सिंह सोलंकी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया।

अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा को अपनाकर सामाजिक समानता और न्याय के लिए आगे आएं तथा बाबा साहेब के आदर्शों को जीवन में उतारें। कार्यक्रमों के अंत में उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।