एनपी न्यूज 24/ गजेन्द्र लोहार, डेस्क
झाड़ोल | राजस्थान बाल कल्याण समिति (RBKS) की ओर से संचालित एजुकेशन कॉम्पलेक्स, बीड़ा, झाड़ोल में अध्ययनरत 478 आवासीय जनजातीय छात्राओं को मुकुल माधव फाउंडेशन एवं अल्ट्रा फाउंडेशन के सहयोग से 956 सैनिटरी पैड नि:शुल्क वितरित किए गए। कार्यक्रम 12 अक्टूबर को आयोजित हुआ।
पहल का उद्देश्य छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान आवश्यक स्वच्छता सामग्री उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता और गरिमा के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में मुकुल माधव फाउंडेशन के प्रतिनिधि राजीव पालीवाल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है।
उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन, स्वास्थ्य का ध्यान रखने और आत्मविश्वास के साथ उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान राजस्थान बाल कल्याण समिति के अधिकारियों एवं विद्यालय प्रशासन ने दोनों फाउंडेशन के सहयोग के प्रति आभार जताया।
समिति के अनुसार, इस तरह की पहल आवासीय छात्राओं की मासिक धर्म संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ उनके लिए बेहतर और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में सहायक है।
कार्यक्रम की जानकारी राजस्थान बाल कल्याण समिति के व्यवस्थापक डॉ. एसवी सिंह एवं जनरल मैनेजर हेमकर शर्मा ने दी।
